हनुमानगढ़ , अप्रैल 16 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जंक्शन जिला कारागृह में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद एक बार फिर निषिद्ध सामग्री फेंकने का मामला सामने आया है।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि बुधवार शाम को दो अज्ञात युवक मोटर साइकिल पर आए और दीवार के ऊपर से जेल परिसर के अंदर दो पैकेट फेंककर फरार हो गए। जेल परिसर के बाहर टावर पर ड्यूटी पर तैनात जवान ने इस घटना को देखा और तुरंत जेल प्रभारी को सूचना दी।
सूत्रों ने बताया कि सूचना मिलते ही जेल प्रशासन हरकत में आ गया और ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों के साथ तुरंत तलाशी अभियान शुरू किया गया। जांच के दौरान जेल के भीतर से दो संदिग्ध पैकेट बरामद किए गए। इन पैकेटों को अधिकारियों की मौजूदगी में खोला गया जिसमें बड़ी मात्रा में निषेध सामग्री मिली। बरामद सामग्री में करीब 700 हरे रंग के नशीले कैप्सूल, 10 बीड़ी के बंडल, आठ पाउच तंबाकू और 13 पाउच सुपारी शामिल हैं। यह सारी सामग्री जेल नियमों के अनुसार पूरी तरह निषेध है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए जेल प्रशासन ने तुरंत उच्च अधिकारियों को सूचना दी और जब्त की गई सामग्री को सील करके पुलिस को सौंप दिया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित