हनुमानगढ़ , सितम्बर 23 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ में पंचायतीराज आम चुनाव को लेकर हनुमानगढ़ जिले की 10 पंचायत समितियों के प्रधान पदों का वर्गवार आरक्षण बुधवार को सामने आ गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार जिले में इस बार प्रशासनिक पुनर्गठन के बाद नयी पंचायत समितियां बनने से प्रधान पदों की संख्या बढ़ी है। पहले जिला मुख्यालय पर एक ही पंचायत समिति थी, जबकि अब हनुमानगढ़ जंक्शन और हनुमानगढ़ टाउन अलग-अलग पंचायत समितियों के रूप में गठित हो चुकी हैं।
इसके साथ ही पल्लू और राजपुरा भी नवगठित पंचायत समितियां हैं। अनुसूचित जाति वर्ग को जिलेमें तीन प्रधान पद मिले हैं। रावतसर पंचायत समिति का प्रधान पद अनुसूचित जाति (एससी) महिला के लिए आरक्षित किया गया है। नवगठित हनुमानगढ़ जंक्शन और हनुमानगढ़ टाउन दोनों पंचायत समितियों के प्रधान पद अनुसूचित जाति वर्ग के लिए निर्धारित किए गए हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग को दो प्रधान पद मिले हैं।
नवगठित पल्लू पंचायत समिति का प्रधान पद ओबीसी महिला के लिए आरक्षित है, जबकि नवगठित राजपुरा पंचायत समिति का प्रधान पद ओबीसी वर्ग के लिए रखा गया है। सामान्य वर्ग को पांच प्रधान पद मिले हैं। संगरिया और पीलीबंगा के प्रधान पद सामान्य वर्ग के लिए खुले हैं। टिब्बी, भादरा और नोहर पंचायत समितियों के प्रधान पद सामान्य वर्ग की महिलाओं के लिए आरक्षित किए गए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित