हनुमानगढ़ , सितम्बर 26 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले में पुलिस ने नशा और अवैध हथियारों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए दो अलग मामलों में पिस्तौल, हेरोइन (चिट्टा) और डोडा पोस्त बरामद किया है।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य ने शनिवार को पत्रकारों को बताया कि शुक्रवार देर रात हनुमानगढ़ जंक्शन थाना क्षेत्र में नई हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में जिला परिवहन कार्यालय के पास पुलिस दल ने एक कार में जा रहे व्यक्ति को रोका। कार की तलाशी ली तो उसमें एक किलो 546 ग्रामू चिट्टा, एक चीन निर्मित पिस्तौल, तीन जीवित कारतूस और 80 हजार रुपये नकद बरामद किये गये। कार में सवार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान रांझू खान उर्फ रंज (30) के रूप में हुई। बरामद हेरोइन (चिट्टा) की कीमत तीन करोड़ रुपये आंकी गई है।
उन्होंने बताया कि शुक्रवार देर शाम पीलीबंगा थाना क्षेत्र में पुलिस दल ने पीलीबंगा-सूरतगढ़ फोर लेन राजमार्ग पर रेलवे लाइन के पास तीन व्यक्तियों को गिरफ्तार कर उनसे 18 किलो 250 ग्राम अवैध डोडा-पोस्त बरामद किया। आरोपियों की पहचान जोगेंद्रसिंह रायसिख (35), सुखजीतसिंह मजहबी सिख (26) और सुखविंदरसिंह मजहबी सिख के रूप में हुई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित