हनुमानगढ़ , मार्च 26 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले के रावतसर थाना क्षेत्र में पिछले लंबे समय से सक्रिय नशीले पदार्थों की तस्करी, जुआ-सट्टा, मारपीट, चोरी-नकबजनी और अवैध हथियार रखने वाले बदमाशों के एक बड़े गिरोह का एक और सदस्य गुरुवार को पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
पुलिस ने रावतसर के बबलू सोनी को इस गिरोह का मुख्य आपूर्तिकर्ता होने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने बताया कि इस पूरे मामले की शुरुआत 15 मार्च को हुई थी, जब रावतसर थाना क्षेत्र में सूर्यप्रकाश उर्फ पीयूष को 5.45 ग्राम हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद पुलिस ने लगातार छापेमारी और पूछताछ के आधार पर गिरोह के सरगना विनोदकुमार नाई सहित उसके चार अन्य सहयोगियों को भी गिरफ्तार कर लिया था। इनमें शेरसिंह उर्फ शेरा, रजत सोनी, सोनू उर्फ कृष्णलाल नायक और पुनीत कुमार उर्फ भूरिया शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि इन सभी युवकों ने मिलकर एक संगठित गिरोह बनाया हुआ था, जो न केवल हेरोइन की आपूर्ति करता था बल्कि मारपीट, जुआ, सट्टा, आर्म्स एक्ट के मामलों, चोरी-नकबजनी और मादक पदार्थों की तस्करी का पूरा सिंडिकेट चलाता था। इन सभी आरोपियों के खिलाफ पहले से ही कई मामले दर्ज हैं। रावतसर पुलिस इस गिरोह की पूरी जानकारी जुटाने और अन्य संभावित सदस्यों को पकड़ने के लिए लगातार छानबीन कर रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित