गंगानगर , अप्रैल 13 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिला पुलिस ने अवैध रूप से पकड़े गए नशीले पदार्थों तथा मेडिकेटेड नशे के तौर पर जब्त की गई नशीली गोलियों और इंजेक्शन का सोमवार को निस्तारण कर दिया गया।

पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने बताया कि यह कार्रवाई हनुमानगढ़ जंक्शन के रीको इंडस्ट्रियल एरिया में स्थित महालक्ष्मी कैम कार्बोनेट प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में की गई। उन्होंने बताया कि एनडीपीएस एक्ट के कुल 109 प्रकरणों में जब्त किए गए नशीले पदार्थ नष्ट कर दिए गए। इनमें 63 क्विंटल 6 किलो 504 ग्राम डोडा पोस्त शामिल है, जिसकी अनुमानित कीमत 9 करोड़ 40 लाख रुपये है। इसके अलावा 490.44 ग्राम चिट्टा यानी हेरोइन भी नष्ट किया गया, जिसकी कीमत 1 करोड़ रुपये बताई गई है। साथ ही 40 किलो 201 ग्राम गांजा जिसकी कीमत 20 लाख रुपये है और 20 टैबलेट व 6 इंजेक्शन जिनकी कीमत 10 हजार रुपये है, इन सभी को आज नष्ट कर दिया गया।

जिला औषधि व्ययन समिति के सदस्य अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद तथा अपराध सहायक पुलिस इंस्पेक्टर सुभाष कच्छावा की उपस्थिति में इन पदार्थों का निस्तारण किया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित