हनुमानगढ़ , सितम्बर 02 -- राजस्थान में नगरीय निकाय चुनाव के तहत जिले के आठ नगरीय निकायों के 290 वार्डों में पार्षद पद के लिए दाखिल किये गये नामांकन पत्रों की संवीक्षा की प्रक्रिया मंगलवार को सम्पन्न हो गयी है। संवीक्षा के बाद कुल 1865 नामांकन पत्रों में से 380 नामांकन पत्र अस्वीकृत किये गये, जबकि 1485 नामांकन पत्र वैध पाये गये हैं। इसके आधार पर कुल 1355 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए हैं।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) उम्मेदी लाल मीना ने बुधवार को बताया कि हनुमानगढ़ नगर परिषद के 60 वार्डों के लिए दाखिल 379 नामांकन पत्रों में से 50 नामांकन पत्र अस्वीकृत और 329 वैध पाये गये हैं और 313 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए हैं।

संगरिया नगर पालिका में 172 नामांकन पत्रों में से 13 निरस्त और 159 वैध पाये गये। इसके आधार पर 139 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए। टिब्बी नगर पालिका में 129 नामांकन पत्रों में से 37 निरस्त और 92 वैध पाये गये। इसके आधार पर 92 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए।

उन्होंने बताया कि रावतसर नगर पालिका में 325 नामांकन पत्रों में से 88 निरस्त और 237 वैध पाये गये। यहां कुल 204 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए। भादरा नगर पालिका में 263 नामांकन पत्रों में से 44 निरस्त और 219 वैध पाये गये। इसके आधार पर 203 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए। नोहर नगर पालिका में 163 नामांकन पत्रों में से 27 निरस्त और 136 वैध पाये गये। इसके आधार पर 131 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए।

श्री मीना ने बताया कि गोलूवाला नगर पालिका में 150 नामांकन पत्रों में से 34 निरस्त और 116 वैध पाये गये। इसके आधार पर 106 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए। पीलीबंगा नगर पालिका में 284 नामांकन पत्रों में से 87 निरस्त तथा 197 वैध पाये गये। इसके आधार पर 167 अभ्यर्थी वैध रूप से नामांकित हुए।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार वैध रूप से नामांकित अभ्यर्थी तीन सितंबर को अपराह्न तीन बजे तक अपनी अभ्यर्थिता वापस ले सकेंगे। इसके पश्चात चार सितंबर को चुनाव चिह्न का आवंटन किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित