हनुमानगढ़ , सितंबर 04 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले की आठों नगरीय निकायों में मतदान केंद्रों की अंतिम सूची शुक्रवार को प्रकाशित कर दी गयी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि अंतिम सूची के अनुसार जिले के 290 वार्डों के लिए कुल 369 मतदान केंद्र स्थापित किये गये हैं, जहां कुल तीन लाख 23 हजार 427 पंजीकृत मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। आज सभी नगरीय निकायों में अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्हों का भी आवंटन कर दिया गया।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी (एडीएम) उम्मेदीलाल मीना ने बताया कि नाम वापसी की प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जिले की आठों नगरीय निकायों के 290 वार्डों में सदस्य पद के लिए कुल 1086 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं। निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार शुक्रवार को सभी अभ्यर्थियों को चुनाव चिन्ह आवंटित कर दिये गये हैं। प्रथम चरण में नगर पालिका नोहर, भादरा, संगरिया, टिब्बी एवं रावतसर में नौ सितंबर को मतदान कराया जाएगा। द्वितीय चरण में नगर परिषद हनुमानगढ़, नगर पालिका गोलूवाला एवं पीलीबंगा में 11 सितंबर को सुबह सात बजे से सायं छह बजे तक मतदान होगा। दोनों चरणों की मतगणना 14 सितंबर को करायी जायेगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित