हनुमानगढ़ , अक्टूबर 26 -- राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव के तहत तीसरे चरण में शामिल जिला परिषद और छह पंचायत समितियों के सदस्य पदों के लिए सोमवार को नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गयी।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि इसके बाद जिला परिषद के 37 वार्डों के लिए 118 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में रह गए हैं। वहीं, छह पंचायत समितियों के 130 सदस्य पदों के लिए 410 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेंगे।
नामांकन प्रक्रिया शुक्रवार को पूरी होने के बाद शनिवार को नामांकन पत्रों की संवीक्षा की गयी थी। जिला परिषद के 37 वार्ड सदस्य पदों के लिए 169 अभ्यर्थियों ने 202 नामांकन पत्र प्रस्तुत किये थे। संवीक्षा के बाद 139 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए। इसके बाद सोमवार को 21 अभ्यर्थियों ने नाम वापस ले लिए, जिससे अब 118 अभ्यर्थी मैदान में हैं। जिन्हें चुनाव चिह्न आवंटित किया गया है।
इसी तरह भादरा, हनुमानगढ़ जंक्शन, नोहर, पल्लू, पीलीबंगा और राजपुरा (8 बीएचडी) पंचायत समितियों के 130 सदस्य पदों के लिए 538 अभ्यर्थियों ने 600 नामांकन पत्र प्रस्तुत किये थे। संवीक्षा के बाद 486 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाये गये। आज 76 अभ्यर्थियों के नाम वापस लेने के बाद अब 410 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में हैं।
पंचायत समितिवार स्थिति के अनुसार, भादरा में 60, हनुमानगढ़ जंक्शन में 60, नोहर में 113, पल्लू में 48, पीलीबंगा में 76 और राजपुरा में 53 अभ्यर्थी मैदान में रह गए हैं। इस प्रकार नोहर पंचायत समिति में सर्वाधिक 113 अभ्यर्थी चुनाव लड़ेंगे।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार, तीसरे चरण में जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य पदों के लिए तीन नवंबर को मतदान होगा, जबकि सरपंच और पंच पदों के लिए पांच नवंबर को मतदान करवाया जायेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित