हनुमानगढ़ , अक्टूबर 28 -- राजस्थान के हनुमानगढ़ जिले में दीपावली के त्योहार के मद्देनजर 26 एवं 27 अक्टूबर को खाद्य सुरक्षा दल ने पीलीबंगा, कैंचियां एवं गोलूवाला में संचालित 12 मिष्ठान भंडारों की निर्माण इकाइयों का निरीक्षण करके विभिन्न खाद्य पदार्थों के नमूने लिए।
मुख्य स्वास्थ्य एवं चिकित्सा अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ नवनीत शर्मा ने बुधवार को बताया कि खाद्य सुरक्षा दल ने पीलीबंगा में संचालित मेसर्स सुमन फूड प्रोडक्ट्स से मिल्क केक, मेसर्स लक्ष्मी मिष्ठान भंडार से मावा, मेसर्स मां भगवती जोधपुर स्वीट होम से मावा, मेसर्स अनिल स्वीट्स से पनीर, मेसर्स पीआरपी स्वीट्स एंड केटर्स से रसगुल्ला और मेसर्स श्री राधिका जोधपुर मिष्ठान भंडार से रसगुल्ला के सैंपल लिए।
उन्होंने बताया कि इसी प्रकार, कैंचियां में संचालित मेसर्स बालाजी मिष्ठान भंडार से मिल्क केक का नमूना संग्रहीत किया गया। वहीं, गोलूवाला में मैसर्स महारानी भटियाणी जोधपुर स्वीट्स से मावा बर्फी, मेसर्स बीकानेर मिष्ठान भंडार से सेटपीस एवं मीठा मावा और मैसर्स सुमन मिष्ठान भंडार से मावा के नमूने लिए गए। इसके अतिरिक्त कैंचियां बस स्टैंड पर बीकानेर से आई एक बस में मैसर्स पवन स्वीट्स के रसगुल्ले के 10 टिन बॉक्स पहुंचने पर खाद्य सुरक्षा दल ने उनके भी नमूने संग्रहीत किए। ये नमूने बीकानेर में स्थित जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला में जांच के लिए भेजे जाएंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित