हनुमानगढ़ , मार्च 30 -- राजस्थान में हनुमानगढ़ जिले में नए नियुक्त हुए पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह मीणा कार्यभार संभालने के तीन-चार दिन में ही पुलिस कर्मियों का मनोबल बढ़ाने के लिए एक नवाचार शुरू किया है।

पुलिस सूत्रों ने सोमवार को बताया कि नवाचार के तहत आज पुलिस अधीक्षक नरेंद्रसिंह मीणा ने 10 पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया। श्री मीणा ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था, ड्यूटी, नशा तस्करों की धरपकड़, संगठित अपराधों और अन्य अवैध गतिविधियों की रोकथाम के लिए फरवरी में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले 10 पुलिस कर्मियों को प्रशंसा पत्र और रिवॉर्ड रोल देकर सम्मानित किया गया।

जिन पुलिस कर्मियों को सम्मानित किया गया उनमें हनुमानगढ़ जंक्शन थाना में नियुक्त सिपाही जीतराम, टाउन थाना में सिपाही राकेशकुमार, सदर थाना में सिपाही महेंद्र,गोलूवाला थाना में संदीप कुमार, फेफाना थाना के सिपाही सुरेशकुमार, पल्लू थाना के सिपाही तोलाराम, भादरा थाना के सिपाही सुभाष, गोगामेडी थाना के सिपाही मोनू, जिला विशेष शाखा में सिपाही श्रीमती सोनू और पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सांख्यिकी अनुभाग में नियुक्त सिपाही तरसेमसिंह को फरवरी में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने के लिए प्रशंसा पत्र और रिवॉर्ड रोल देकर सम्मानित किया।

इस अवसर पर श्री मीणा ने कहा कि इस नवाचार के तहत पुलिस थानों, चौकियों और कार्यालयों में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले पुलिस कर्मचारियों को हर महीने सम्मानित किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित