जयपुर , फरवरी 18 -- राजस्थान में जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी मंत्री कन्हैयालाल चौधरी ने बुधवार को विधानसभा में आश्वस्त किया कि दूषित पानी की समस्या के समाधान के लिए हनुमानगढ़ और गंगानगर में हैवी मेटल टेस्टिंग लैब स्थापित की जाएगी और प्रत्येक ब्लॉक स्तर पर भी पेयजल की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए टेस्टिंग लैब लगायी जाएगी, जिससे जल गुणवत्ता की निगरानी और प्रभावी हो सके।
श्री चौधरी प्रश्नकाल में विधायक रूपेंद्र सिंह कुन्नर के पूरक प्रश्नों का जवाब दे रहे थे। उन्होंने कहा कि पंजाब से आने वाले नहरी जल में कभी-कभी अधिक गंदे पानी की समस्या उत्पन्न हो जाती है। नहर बंदी के समय जल भंडारण की स्थिति में यह समस्या और भी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि दूषित पानी की समस्य़ा के समाधान के लिए जल गुणवत्ता परीक्षण को सुदृढ़ किया जा रहा है तथा आवश्यकता अनुसार अतिरिक्त उपचार (ट्रीटमेंट) की व्यवस्था भी की जा रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 'स्वच्छ जल' के संकल्प के अनुरूप प्रत्येक नागरिक को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि करणपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल जल मांग शहरी क्षेत्र में 7.9 एमएलडी तथा ग्रामीण क्षेत्र में 9.2 एमएलडी है। इस मांग की पूर्ति के लिए 17.1 एमएलडी क्षमता का फिल्ट्रेशन प्लांट स्थापित है, जहां पानी को फिल्टर कर नियमित परीक्षण के बाद आपूर्ति की जा रही है।
उन्होंने कहा कि जल जीवन मिशन की गाइडलाइन के अनुसार 20 घरों अथवा 100 से अधिक आबादी वाले गांवों को योजना से जोड़ा जा रहा है। करणपुर विधानसभा क्षेत्र में 123 ग्रामीण जल योजनाओं की स्वीकृति जारी की गयी है। अब तक 407 गांवों में 33,448 जल संबंध प्रदान किये जा चुके हैं। इनमें से 112 ग्रामीण योजनाओं का कार्य पूर्ण हो चुका है। इसके तहत 29,936 जल संबंध प्रदान किये गये हैं। 35 गांवों में नयी योजनाओं का कार्य प्रगति पर है तथा दो योजनाओं के टेंडर जारी किए जा चुके हैं।
इससे पहले श्री कुन्नर के मूल प्रश्न के लिखित जवाब में उन्होंने कहा कि करणपुर क्षेत्र की शहरी जल योजनाओं में तकनीकी कर्मचारियों के कुल 41 स्वीकृत पद हैं, जिनमें से 20 पद रिक्त हैं। इन रिक्त पदों में से 12 पदों पर सीधी भर्ती के लिए विज्ञप्ति जारी की जा चुकी है, जबकि शेष आठ पद पदोन्नति के माध्यम से भरे जाएंगे। भर्ती प्रक्रिया कर्मचारी चयन आयोग को भेज दी गयी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में तकनीकी सेवाओं के लगभग तीन हजार पदों पर नयी भर्ती की प्रक्रिया प्रगति पर है, जबकि 1300 पदों से संबंधित तकनीकी एवं प्रक्रियात्मक समस्याओं का समाधान कर शीघ्र भर्ती की तैयारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित