हनुमानगढ़ , अक्टूबर 18 -- राजस्थान में पंचायतीराज संस्थाओं के चुनाव-2026 के तहत जिला परिषद हनुमानगढ़ के 37 निर्वाचन क्षेत्रों में सदस्यों के चुनाव के लिए नामांकन प्रक्रिया सोमवार से शुरू होगी।

उप जिला निर्वाचन अधिकारी उम्मेदी लाल मीना ने रविवार को बताया कि इसी दिन लोक सूचना जारी की जाएगी। अभ्यर्थी 23 अक्टूबर तक किसी भी कार्यदिवस पर पूर्वाह्न 11 बजे से अपराह्न तीन बजे के बीच निर्धारित कक्षों में व्यक्तिगत रूप से नामांकन पत्र प्रस्तुत कर सकेंगे। सार्वजनिक अवकाश के दिन नामांकन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

उन्होंने बताया कि जिला परिषद सदस्यों के नामांकन के लिए जिला कलक्ट्रेट परिसर में अलग-अलग व्यवस्थाएं की गई हैं। जीए-55 की रसीद जारी करने, अभ्यर्थियों एवं प्रस्तावकों के नाम मतदाता सूची में जांचने और नामांकन पत्रों की प्रारंभिक जांच के लिए कार्मिकों की बैठक व्यवस्था कलक्ट्रेट के मुख्य भवन के सामने वाहन पार्किंग स्थल पर रहेगी। नामांकन पत्र प्राप्त करने और पूछताछ के लिए भी अलग काउंटर स्थापित किए गए हैं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित