वारंगल , अप्रैल 03 -- तेलंगाना में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की वारंगल रेंज की टीम ने गुरुवार को हनमकोंडा जिले के वारंगल उप- पंजीयक कार्यालय में औचक छापेमारी कर दो उप-पंजीयक अधिकारियों की भ्रष्टाचार में संलिप्तता और उनकी भारी मात्रा में बेहिसाब संपत्ति का पता लगाया है।
ब्यूरो ने शुक्रवार को बताया कि निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यालय परिसर में अवैध रूप से काम कर रहे 20 अनधिकृत एजेंटों और दस्तावेज लेखकों को पकड़ा। पुलिस ने मौके से 47,450 रुपये की बेहिसाब नकदी और 70 अपंजीकृत दस्तावेज जब्त किये हैं। दस्तावेज लेखकों के मोबाइल फोन की जांच करने पर सब-रजिस्ट्रार अधिकारियों जमालपुरम रामनरसिम्हा राव और दावुलुरी आनंद के साथ व्हाट्सएप चैट मिली, जिससे पिछले एक साल में फोनपे के माध्यम से लगभग 42.03 लाख रुपये के संदिग्ध लेन-देन का संकेत मिला है।एसीबी की जांच में यह भी पाया गया कि 204 पंजीकृत दस्तावेज अभी तक आवेदकों को नहीं सौंपे गये थे औरवे अधिकारियों के पास ही रखे हुए थे। इसके साथ ही अधिकारियों के आवासों पर एक साथ की गयी तलाशी में एसआरओ-द्वितीय के घर से 24.61 लाख रुपये नकद, 819.5 ग्राम सोने के आभूषण, 2.6 किलोग्राम चांदी और कपिल चिट्स में 30.10 लाख रुपये की सावधि जमा के कागजात बरामद किये गये।
विभाग के अनुसार छापेमारी के दौरान कई अन्य खामियां भी पायी गयी हैं। एसीबी इस पूरे मामले पर एक विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर रही है, जिसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए सरकार को सौंपा जाएगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित