धार , अगस्त 12 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के कुक्षी तहसील के बाग में मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात अज्ञात बदमाशों ने मेडिकल व्यवसायी के घर में घुसकर बुजुर्ग दंपती पर हथियारों से हमला कर दिया। हमले में पति-पत्नी घायल हो गए। बदमाश घर से करीब पांच ग्राम वजनी सोने की चेन और तीन हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए। घटना के दौरान एक बदमाश मेडिकल दुकान में सामान तलाशते हुए सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया।

जानकारी के अनुसार मुख्य मार्ग स्थित मेडिकल व्यवसायी कृष्णकांत झवर के घर में रात करीब ढाई बजे तीन बदमाश घुसे। दंपती ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का मुकाबला किया। इस दौरान दोनों पक्षों के बीच संघर्ष हुआ, जिसमें पति-पत्नी घायल हो गए। बदमाश वारदात को अंजाम देने के बाद घर से सोने की चेन और नकदी लेकर फरार हो गए।

घटना के दौरान एक बदमाश मेडिकल दुकान में भी कीमती सामान तलाशता हुआ सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान और उनकी तलाश में जुटी है।

बाग थाना प्रभारी हीरू सिंह रावत के साथ पुलिस टीम ने रात में घटनास्थल का निरीक्षण किया। बुधवार को एसडीओपी कुक्षी सुनील गुप्ता ने भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया और झंवर दंपती से घटना की जानकारी ली। फरियादी मेडिकल व्यवसायी की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मुख्य मार्ग पर हुई चोरी और हमले की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में सुरक्षा को लेकर चिंता है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित