ऊधमसिंहनगर/देहरादून , अप्रैल 13 -- उत्तराखण्ड पुलिस की विशेष कार्य बल (एसटीएफ) और पुलभट्टा पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतरराज्यीय हथियार तस्कर को भारी मात्रा में अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है।

आरोपी के कब्जे से छह तमंचे, एक 12 बोर की राइफल, 2 खोखा कारतूस (.32 बोर) और एक वैगनआर कार बरामद की गई है।

यह कार्रवाई एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में ''ऑपरेशन प्रहार'' के तहत की गई।

एसएसपी श्री सिंह ने आज इस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि कुमाऊं एसटीएफ को उत्तराखण्ड-उत्तर प्रदेश सीमा पर हथियार तस्करी की सूचना मिली थी, जिसके आधार पर टीम गठित कर कार्रवाई की गई। संयुक्त टीम ने पुलभट्टा थाना क्षेत्र में घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान महेश गंगवार, निवासी आमखेड़ा, बहेड़ी, बरेली, उत्तर प्रदेश हाल निवासी उत्तरांचल कालोनी, किच्छा, रूद्रपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से उत्तर प्रदेश की अवैध फैक्ट्रियों में बने हथियारों की आपूर्ति उत्तराखण्ड में कर रहा था।

श्री अजय सिंह ने बताया कि वर्ष 2026 में अभी तक एसटीएफ 21 अवैध हथियार और 35 कारतूस बरामद कर 8 तस्करों को गिरफ्तार कर चुकी है।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की जानकारी जुटा रही है। उसके खिलाफ थाना पुलभट्टा में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित