बड़वानी , अगस्त 27 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी में गुरुवार को पुलिस अभिरक्षा में ले जाया जा रहा 22 वर्षीय आरोपी चलती मोटरसाइकिल से कूदकर फरार हो गया। आरोपी के अचानक कूदने से मोटरसाइकिल का संतुलन बिगड़ गया और दो आरक्षक सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरज बब्बर ने बताया कि जुलवानिया निवासी आरोपी शुभम मानकर को जुलवानिया पुलिस ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 170 के तहत गिरफ्तार किया था। आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद उसे एसडीएम न्यायालय में पेश किया गया, जहां से बड़वानी केंद्रीय जेल भेजने के आदेश दिए गए थे।

आदेश के बाद दो पुलिसकर्मी मोटरसाइकिल से आरोपी को राजपुर से बड़वानी केंद्रीय जेल ले जा रहे थे। जेल पहुंचने से कुछ दूरी पहले आरोपी अचानक मोटरसाइकिल से कूद गया। उसके हाथ में हथकड़ी लगी थी और हथकड़ी का दूसरा सिरा एक आरक्षक की कमर में बंधी बेल्ट से जुड़ा था। आरोपी के कूदते ही मोटरसाइकिल अनियंत्रित होकर गिर गई और दोनों आरक्षक घायल हो गए। आरोपी हथकड़ी समेत मौके से फरार हो गया।

घटना के बाद राहगीरों ने घायल आरक्षकों को जिला अस्पताल पहुंचाया। आरक्षक वीरेंद्र सिंह बाल्के के सिर और चेहरे पर चोट आई है, जबकि आरक्षक सुनील के हाथ, कंधे सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई हैं। दोनों का उपचार जारी है।

जिला अस्पताल के चिकित्सक डॉ. वैभव गुप्ता ने बताया कि दोनों आरक्षकों को प्राथमिक उपचार दिया गया है। चोटों की गंभीरता का पता लगाने के लिए एक्स-रे और सीटी स्कैन कराए जा रहे हैं। दोनों की हालत स्थिर है।

श्री बब्बर ने बताया कि आरोपी के पुलिस अभिरक्षा से फरार होने के मामले में विभागीय कार्रवाई शुरू की जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और संभावित ठिकानों तथा फरार होने के मार्गों पर निगरानी बढ़ाई गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित