बड़वानी , मई 15 -- मध्यप्रदेश के बड़वानी जिले की सिलावद पुलिस ने एक व्यक्ति की हत्या के मामले में तीन नाबालिगों समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार वाहन दुर्घटना के बाद डर के कारण पेड़ पर चढ़े व्यक्ति को आरोपियों ने फांसी लगाकर मार डाला था।

सिलावद थाना प्रभारी आर.के. लोवंशी ने बताया कि पोखलिया निवासी गंगाराम भुगवाड़े (40) की हत्या के मामले में डोंगरगांव निवासी राजू बारेला तथा तीन नाबालिगों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में करीब आधा दर्जन आरोपी अभी फरार हैं।

उन्होंने बताया कि सात मई को गंगाराम का शव एक खाई में स्थित पेड़ से लटका हुआ मिला था। मृतक के भाई ने पुलिस को बताया था कि गंगाराम अपनी ससुराल चारणखेड़ा गया था और लौटते समय केली के पास उसका दुपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

परिजनों ने पुलिस को बताया कि गंगाराम के पास सफेद रंग का गमछा था, जबकि शव लाल रंग के गमछे से लटका मिला। इसी आधार पर मामला संदिग्ध प्रतीत हुआ और पुलिस ने विशेष जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि लौटते समय गंगाराम का दुपहिया वाहन सामने से आ रहे रितेश नामक युवक के वाहन से टकरा गया था, जिससे रितेश बेहोश हो गया। दुर्घटना की आवाज सुनकर रितेश के ससुराल पक्ष और ग्रामीण मौके पर पहुंचे तथा गंगाराम के साथ मारपीट की।

मारपीट से बचने के लिए गंगाराम भागकर एक गहरी खाई में जाकर छिप गया। इसके बाद करीब 10 लोग उसकी तलाश में निकले और उस पर पथराव शुरू कर दिया। घबराकर गंगाराम एक पेड़ पर चढ़ गया।

पुलिस के अनुसार आरोपियों में शामिल एक नाबालिग पेड़ पर चढ़ा और उसने अपने गमछे से गंगाराम के गले में फंदा लगाकर दूसरा सिरा पेड़ की डाल से बांध दिया तथा उसे धक्का दे दिया, जिससे उसकी मृत्यु हो गई। थाना प्रभारी ने बताया कि गमछे के रंग में अंतर मिलने से पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिला और मामले का खुलासा हो सका। प्रारंभिक तौर पर इसे आत्महत्या माना जा रहा था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित