बैतूल , जुलाई 12 -- मध्यप्रदेश के बैतूल शहर में हत्या के प्रयास के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी को कोतवाली पुलिस ने घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई।

पुलिस अधीक्षक वीरेन्द्र जैन के निर्देशन में गंभीर अपराधों में त्वरित कार्रवाई अभियान के तहत अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमलेश कुमार खरपुसे तथा एसडीओपी अन्नपूर्णा सिरसाम के मार्गदर्शन में कोतवाली पुलिस ने यह कार्रवाई की।

पुलिस के अनुसार 10 जुलाई को फरियादी विवेक यादव (32), निवासी गणेश वार्ड, बैतूल बाजार, हाल निवासी कालापाठा, गंज बैतूल की शिकायत पर आरोपी रितिक उर्फ लखन चन्द्रहास के खिलाफ थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 576/2026 दर्ज किया गया। आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 296 (बी), 351 (2) और 109 (1) के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

जांच के दौरान आरोपी फरार हो गया था। इसी बीच मुखबिर से सूचना मिली कि वह कॉलेज चौक क्षेत्र में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में उसने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रितिक उर्फ लखन चन्द्रहास (26), निवासी मेहतर मोहल्ला, गांधी वार्ड, बैतूल के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक देवकरण डेहरिया, थाना प्रभारी गंज निरीक्षक नीरज पाल, उपनिरीक्षक बसंत अहके, प्रधान आरक्षक तरुण पटेल, प्रधान आरक्षक शिवकुमार तथा आरक्षक उज्ज्वल की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित