हरिद्वार/मंगलौर , फरवरी 22 -- उत्तराखंड में मंगलौर कोतवाली क्षेत्र में नहर पटरी स्थित पुराने पीर के पास मिले एक युवक के शव के मामले का पुलिस ने रविवार को खुलासा करते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के अनुसार शराब पीने के दौरान पैसों के लालच में आरोपी ने अपने ही साथी की गला दबाकर और पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी थी।

उन्होंने बताया कि 17 फरवरी को नहर पटरी मार्ग पर एक व्यक्ति का शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। मृतक के सिर पर गहरे घाव और पत्थर से कुचलने के निशान पाए गए। बाद में शव की पहचान घोसीपुरा निवासी प्रदीप के रूप में हुई। मृतक के परिजन की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर कोतवाली मंगलौर और सीआईयू की संयुक्त टीम गठित की गई। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वाड की मदद से घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए। जांच के दौरान पुलिस को घटना वाले दिन मृतक के साथ एक संदिग्ध युवक मोटरसाइकिल से जाते दिखाई दिया। संदिग्ध की तलाश में पुलिस टीम देवबंद तिराहे तक पहुंची, जहां हुलिए के आधार पर एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में उसने हत्या की वारदात कबूल कर ली।

आरोपी विनायक त्यागी ने बताया कि वह रुड़की बस अड्डे के पास शराब लेने गया था, जहां उसकी मुलाकात प्रदीप से हुई। दोनों ने साथ शराब खरीदी और नहर पटरी किनारे बाग में बैठकर पीने लगे। इसी दौरान आरोपी को पता चला कि प्रदीप के पास नकदी है। पैसों के लालच में उसने पहले गला दबाकर और फिर पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी और जेब से 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त पत्थर, खून से सनी जैकेट और लूटी गई 20 हजार रुपये की नकदी बरामद कर ली है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित