कोलकाता , मई 26 -- पश्चिम बंगाल में पिछले साल कोलकाता के सॉल्ट लेक के बाहरी इलाके दत्ताबाद के रहने वाले एक सुनार के अपहरण और उसकी हत्या के आरोपी ब्लॉक विकास अधिकारी (बीडीओ) को सोमवार देर रात विधाननगर पुलिस ने न्यू टाउन में शराब के नशे में गाड़ी चलाने और सड़क दुर्घटना में दो लोगों को घायल करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
जलपाईगुड़ी के राजगंज के निलंबित बीडीओ प्रशांत बर्मन जनवरी से फरार था। उच्चतम न्यायालय ने हत्या के मामले में उसे सुरक्षा देने से इनकार कर दिया था। पुलिस ने बताया कि कल रात करीब 10:30 बजे न्यू टाउन के श्राची चौराहे के पास हुई दुर्घटना के बाद पुलिस ने बीडीओं को हिरासत में लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बर्मन कथित तौर पर नशे की हालत में वाहन चला रहा था, तभी उसकी गाड़ी ने एक पैदल यात्री को टक्कर मार दी और एक मोटरसाइकिल सवार को घायल कर दिया। टक्कर में घायल हुए मोटरसाइकिल सवार को ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने बचाया और इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
विधाननगर आयुक्तालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, "एक पैदल यात्री और एक मोटरसाइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद बर्मन को गिरफ्तार कर लिया गया। दुर्घटना के बाद राहगीरों ने हमें सूचना दी।"सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में कथित तौर पर बर्मन को घटनास्थल पर अजीब व्यवहार करते हुए दिखाया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि जब आसपास मौजूद लोगों ने घटना के बारे में उससे पूछताछ की, तो वह आक्रामक हो गया और वहां जमा लोगों को अपशब्द कहने लगा।
एक वीडियो क्लिप में बर्मन को प्रदर्शनकारियों को "भ्रष्ट" कहते और उन्हें थप्पड़ मारने की धमकी देते हुए सुना जा सकता है। उसे वाहन से लड़खड़ाते हुए उतरते और पुलिसकर्मियों से "मुझे गिरफ्तार करो" कहते हुए भी देखा गया।
बिधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के अंतर्गत इको पार्क पुलिस थाना की एक टीम सूचना मिलने पर घटनास्थल पर पहुंची और उसे गिरफ्तार कर लिया।
बर्मन पर पहले से ही 2025 में साल्ट लेक के 45 वर्षीय सुनार स्वपन कामिला के अपहरण और हत्या के संबंध में गंभीर आरोप लगे हैं। इस मामले में अदालत की प्रतिकूल टिप्पणियों के बाद कथित तौर पर छिप जाने के बाद पुलिस कई महीनों से उसकी तलाश कर रही थी। बर्मन की बीडीओ के रूप में नियुक्ति भी जांच के दायरे में है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित