जालौन , जनवरी 19 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में हत्या के एक मामले में नामजद अंजू सिंह के पति एवं पंप संचालक डॉ. सुरेंद्र सिंह ठाकुर की गिरफ्तारी अब तक न होने से समाजवादी पार्टी और पाल समाज में जबरदस्त आक्रोश व्याप्त है। इसी आक्रोश के चलते सोमवार को पाल समाज और समाजवादी पार्टी के सैकड़ो लोग सड़कों पर उतर आए और पुलिस अधीक्षक कार्यालय का घेराव कर जोरदार प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन का नेतृत्व समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री श्रीराम पाल, सपा जिलाध्यक्ष दीपराज गुर्जर तथा सपा सांसद नारायणदास अहिरवार ने किया। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने एक स्वर में नामजद हत्यारोपी डॉ. सुरेंद्र सिंह ठाकुर की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की और पुलिस प्रशासन पर पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाने का गंभीर आरोप लगाया।
पूर्व मंत्री श्रीराम पाल ने कहा कि जब मुकदमे में आरोपी स्पष्ट रूप से नामजद है, तो उसकी गिरफ्तारी में पुलिस क्यों कतरा रही है, यह समझ से परे है। उन्होंने बताया कि मृतक निवासी हरदोई गुर्जर थाना एट बसंत कुमार की पत्नी सुनीता देवी ने पति की हत्या के बाद थाना एट में तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया था, लेकिन घटना को 20 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस ने न तो आरोपी को गिरफ्तार किया और न ही उसके खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई की।
नेताओं ने आरोप लगाया कि हत्यारोपी एक दबंग किस्म का व्यक्ति है, जिसके पास दो से तीन पेट्रोल पंप हैं। इसी प्रभाव के चलते थाना एट की पुलिस जानबूझकर कार्रवाई नहीं कर रही है। पीड़िता सुनीता देवी कई बार थाने के चक्कर काट चुकी हैं, लेकिन हर बार उन्हें सिर्फ "कार्यवाही चल रही है" कहकर टाल दिया जाता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित