आगरमालवा , सितंबर 15 -- मध्यप्रदेश में आगरमालवा जिले के ग्राम घुराशिया में करीब एक वर्ष पूर्व 13 वर्षीय रवि की गोली मारकर हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होने से नाराज परिजन, समाजजन और ग्रामीणों ने आज जिला मुख्यालय स्थित कलेक्टर कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरना दिया।
मृतक के पिता गोपाललाल पिता शंकर, निवासी ग्राम घुराशिया, थाना कानड़ ने बताया कि 18 अक्टूबर 2025 को उनके 13 वर्षीय पुत्र रवि की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना को करीब एक वर्ष होने जा रहा है, लेकिन पुलिस ने अब तक आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया है।
परिजनों का आरोप है कि न्याय के लिए वे थाना प्रभारी से लेकर एसडीओपी, पुलिस अधीक्षक, पुलिस महानिरीक्षक, पुलिस महानिदेशक, जिला कलेक्टर और जनसुनवाई तक कई बार लिखित आवेदन दे चुके हैं, लेकिन अब तक सुनवाई नहीं हुई। गोपाललाल ने बताया कि वह अत्यंत गरीब मजदूर हैं और कर्ज लेकर आगरमालवा, उज्जैन तथा भोपाल के चक्कर लगा रहे हैं। इससे उन्हें आर्थिक, मानसिक और सामाजिक रूप से परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि इससे पहले तीन अगस्त 2026 को चेतावनी दी थी कि आठ दिन के भीतर न्याय नहीं मिलने पर वह परिवार सहित कलेक्टर कार्यालय के मुख्य द्वार पर धरना और अनशन करेंगे। इसके बावजूद कार्रवाई नहीं होने पर आज परिजन और ग्रामीण धरने पर बैठ गए।
धरने पर बैठे परिजनों ने मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि इसके बाद भी न्याय नहीं मिला तो भूख हड़ताल शुरू की जाएगी, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन और शासन की होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित