सोनीपत , मई 14 -- हरियाणा के सोनीपत में नगर निगम कर्मचारियों की जारी हड़ताल के बीच 10 सफाई कर्मचारियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
प्रशासन ने हड़ताली कर्मचारियों पर सफाई सेवाओं में बाधा डालने, सरकारी कार्यों में रुकावट पैदा करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने के आरोप लगाये हैं।
संयुक्त आयुक्त मीतू धनखर और स्वच्छता निरीक्षक सुंदर की शिकायत पर सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मामला दर्ज किया। पुलिस ने 10 कर्मचारियों को नामजद करते हुए कई अज्ञात लोगों के खिलाफ भी भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है।
प्रशासन के अनुसार, प्रदर्शनकारियों ने घर-घर कचरा संग्रहण करने वाले वाहनों को रोक दिया और नगर निगम कार्यालय के बाहर कचरा फेंका, जिससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई। आरोप है कि रात के समय कचरा उठाने में लगी जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को रोकने और नुकसान पहुंचाने का प्रयासभी किया गया। डिंग मैनपावर और महिला आदर्श सोसाइटी की ओर से भी शिकायतें दी गयी हैं। इनमें आरोप लगाया गया कि आउटसोर्स सफाई कर्मचारियों पर काम बंद करने के लिए दबाव बनाया जा रहा था, जिससे कर्मचारियों में भय का माहौल बना हुआ है।
पुलिस शिकायत में राजा, भरत, राहुल, विशाल, दीपक, कृष्णा, सोमी, सुनील और राकेश और अन्य लोगों के नाम शामिल हैं। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
वहीं, सफाई कर्मचारी अपनी लंबित मांगों को लेकर विरोध प्रदर्शन जारी रखे हुए हैं। इस मुद्दे पर रोहतक में सरकार और प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक प्रस्तावित है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित