कानपुर नगर , जुलाई 23 -- हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 24 जुलाई कर दी गई है। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अमित प्रताप सिंह ने हज यात्रा के इच्छुक लोगों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की अपील की है।
उन्होंने गुरुवार को बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, लखनऊ के निर्देशों तथा हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई द्वारा जारी सर्कुलर-3 के अनुसार हज-2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई से बढ़ाकर 24 जुलाई कर दी गई है।
उन्होंने कहा कि जिन आवेदकों ने पंजीकरण तो करा लिया है, लेकिन किसी कारणवश आवेदन प्रक्रिया पूरी नहीं की है, वे भी अंतिम तिथि से पहले अपना आवेदन अनिवार्य रूप से पूर्ण कर लें। निर्धारित समय सीमा के बाद किसी भी आवेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि जिन आवेदकों को अभी तक अपना भारतीय अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट प्राप्त नहीं हुआ है, वे तत्काल संबंधित पासपोर्ट कार्यालय से संपर्क कर पासपोर्ट प्राप्त करें, ताकि अंतिम तिथि से पूर्व आवेदन पूरा किया जा सके।
उन्होंने बताया कि हज यात्रियों के चयन के लिए 30 जुलाई, 2026 को मुंबई स्थित हज हाउस में ऑनलाइन डिजिटल कुर्रा (रैंडम चयन) आयोजित किया जाएगा। चयनित यात्रियों की सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर जारी की जाएगी और उन्हें एसएमएस के माध्यम से भी सूचना दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि डिजिटल कुर्रा में चयनित प्रत्येक हज यात्री को 10 अगस्त तक 1,52,300 रुपये की अग्रिम धनराशि हज कमेटी ऑफ इंडिया के निर्धारित बैंक खाते में जमा करानी होगी।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने हज यात्रा के इच्छुक सभी आवेदकों से अपील की कि वे अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय रहते ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया पूरी कर लें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित