लखनऊ , जुलाई 30 -- हज-2027 के लिए उत्तर प्रदेश से आवेदन करने वाले 22,510 आवेदकों का चयन ऑनलाइन कुर्रा (लॉटरी) के माध्यम से कर लिया गया है। चयन प्रक्रिया हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई ने गुरुवार को संपन्न की। चयनित यात्रियों को इसकी सूचना उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर भेज दी गई है।
चयनित हज यात्रियों की सूची हज कमेटी ऑफ इंडिया तथा उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति की वेबसाइट पर उपलब्ध करा दी गई है। सूची में प्रत्येक यात्री का कवर नंबर और बैंक रेफरेंस नंबर भी अंकित किया गया है, जिससे पहली किश्त जमा करने में सुविधा हो सके।
हज कमेटी के अनुसार, प्रत्येक अस्थायी रूप से चयनित आवेदक को प्रति यात्री 1,52,300 रुपये की पहली किश्त 10 अगस्त 2026 तक हज कमेटी ऑफ इंडिया के यूनियन बैंक ऑफ इंडिया अथवा भारतीय स्टेट बैंक के खाते में जमा करनी होगी। भुगतान के लिए पे-इन स्लिप संबंधित वेबसाइटों से डाउनलोड की जा सकती है। इसके अलावा ऑनलाइन वेबसाइट, हज सुविधा ऐप, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड और नेट बैंकिंग के माध्यम से भी भुगतान की सुविधा उपलब्ध है। पहली किश्त जमा करने के बाद यात्रियों को पे-इन स्लिप, स्वयं हस्ताक्षरित हज आवेदन पत्र, घोषणा पत्र, अंतरराष्ट्रीय पासपोर्ट संबंधी घोषणा पत्र तथा मेडिकल स्क्रीनिंग एवं फिटनेस प्रमाणपत्र हज कमेटी ऑफ इंडिया के पोर्टल पर अपनी लॉग-इन आईडी के माध्यम से अपलोड करना होगा। यदि किसी आवेदक को दस्तावेज अपलोड करने में कठिनाई होती है तो उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति के कार्यालय में इसकी व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। इसके अतिरिक्त जिलों में संचालित हज ई-सुविधा केंद्रों के माध्यम से भी चयनित यात्री यह सुविधा प्राप्त कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित