मुरादाबाद , सितंबर 06 -- भारतीय हज समिति ने पंजीकरण और निर्धारित फीस जमा करने वाले आजमीन-ए-हज की अंतिम सूची जारी कर दी है।
आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि उत्तर प्रदेश से इस बार हज यात्रा पर जाने वालों में मुरादाबाद जिले के सबसे अधिक 2,493 आजमीन शामिल हैं। जिले ने प्रदेश में सर्वाधिक पंजीकरण के साथ एक बार फिर हज यात्रा के लिहाज से अपनी प्रमुख स्थिति दर्ज कराई है।
मुरादाबाद में हज प्रशिक्षक मो. नाजिम के मुताबिक उत्तर प्रदेश के लिए हज समिति की ओर से 33 हजार आजमीन का कोटा निर्धारित किया गया था, लेकिन इस बार भी पूरा कोटा नहीं भर सका। उपलब्ध अंतिम सूची के अनुसार प्रदेश से करीब 25 हजार आजमीन ही पवित्र हज यात्रा पर जाएंगे।
जनपदवार पंजीकरण के आंकड़ों में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद के बाद मेरठ 1,535 आजमीन के साथ दूसरे स्थान पर है, जबकि रामपुर से 1,467 लोग हज यात्रा के लिए चयनित हुए हैं। सहारनपुर के 1,263 और बिजनौर के 929 आजमीन भी इस मुबारक सफर में शामिल होंगे। गाजियाबाद से 958 तथा वाराणसी से 918 लोगों का पंजीकरण हुआ है। जबकि प्रदेश के कुछ जिलों से हज यात्रा के लिए पंजीकरण की संख्या काफी कम रही। कानपुर देहात से 23, एटा से 12, ललितपुर से 12 और चित्रकूट से महज 10 आजमीन सूची में शामिल हैं।
इस तरह चित्रकूट से प्रदेश में सबसे कम आजमीन हज यात्रा पर जाएंगे। जनपदवार आंकड़ों के हिसाब से जनपद मुरादाबाद से 2,493, जबकि मेरठ जिले से 1,535, रामपुर से 1,467, सहारनपुर से 1,263, गाजियाबाद से 958, बिजनौर से 929 और वाराणसी से 918 आजमीन हज यात्रा के लिए सूचीबद्ध हुए हैं। इसके अलावा कानपुर देहात से 23, एटा से 12, ललितपुर से 12 और चित्रकूट से 10 आजमीन शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित