रांची , अप्रैल 27 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत डेमोटांड़ में देर रात एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में मां-बेटे की मौत हो गई, जबकि परिवार के दो अन्य सदस्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों ने आज यहां बताया कि रांची बीआईटी निवासी एक ही परिवार पटना में आयोजित शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था। इसी दौरान निर्मल सिंह ढाबा के पास उनकी कार सड़क किनारे खड़े एक हाईवा से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में चंदन कुमार और उनकी मां विद्या देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, चंदन कुमार की पत्नी अंकिता देवी और उनके पिता महावीर प्रसाद गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों घायलों को पहले शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया।
मृतक के पड़ोसी विशाल कुमार के अनुसार, परिवार देर रात समारोह से लौट रहा था और आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण यह हादसा हुआ। साथ ही, वाहन की तेज रफ्तार भी दुर्घटना की एक वजह मानी जा रही है।
मुफस्सिल थाना प्रभारी रौशन कुमार ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित