हजारीबाग , फरवरी 24 -- झारखंड के हजारीबाग जिले में बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए हजारीबाग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (एसआईटी) ने बड़कागांव थाना क्षेत्र के नापोकला गांव में छापेमारी कर बाइक चोर गिरोह के एक सदस्य को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से कुल 23 चोरी की मोटरसाइकिल बरामद की है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के नेतृत्व में गठित एसआईटी टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि नापोकला क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिलों की खरीद-बिक्री की जा रही है। सूचना के आधार पर बड़कागांव थाना क्षेत्र में एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को मोटरसाइकिल के साथ पकड़ा गया।
पूछताछ में उसने अपना नाम सतीश प्रजापति (30 वर्ष), पिता बुधन प्रजापति, ग्राम नापोकला, थाना बड़कागांव बताया। आरोपी ने स्वीकार किया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर मास्टर चाबी की मदद से विभिन्न थाना क्षेत्रों से मोटरसाइकिल चोरी करता था। उसकी निशानदेही पर उसके घर और घर के पीछे से कुल 23 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गईं।
बरामद मोटरसाइकिलों में 14 स्प्लेंडर, 3 पैशन प्रो, 2 अपाचे, 2 पल्सर और 2 ग्लैमर शामिल हैं। इसके अलावा एक इन्फिनिक्स मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। इस मामले में आरोपी के विरुद्ध बड़कागांव थाना कांड संख्या 27/26 दिनांक 24.02.2026 के तहत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी ने अपने अन्य सहयोगियों के नाम भी बताए हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है।
छापेमारी दल में अपर पुलिस अधीक्षक अमित कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी पवन कुमार, पुलिस निरीक्षक ललित कुमार, थाना प्रभारी कृष्ण कुमार गुप्ता सहित अन्य पुलिस अधिकारी और बड़कागांव थाना का सशस्त्र बल शामिल था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित