रांची , मार्च 30 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के विष्णुगढ़ प्रखंड में 24 मार्च को घटित मानवता को शर्मसार करने वाली घटना पर राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश ने गहरा आक्रोश एवं पीड़ा व्यक्त की है।

श्री प्रकाश ने कहा कि रामनवमी जैसे पावन अवसर पर एक 12 वर्षीय मासूम बालिका के साथ अपहरण, सामूहिक दुष्कर्म और निर्मम हत्या की घटना समाज के लिए अत्यंत कलंकित करने वाली है।

श्री प्रकाश ने इसे कानून-व्यवस्था की घोर विफलता बताते हुए कहा कि घटना के कई दिन बीत जाने के बावजूद अपराधियों का गिरफ्त से बाहर रहना प्रशासनिक निष्क्रियता और लापरवाही को उजागर करता है। यह स्थिति आम नागरिकों में भय, असुरक्षा और गहरे आक्रोश को जन्म दे रही है। इस गंभीर प्रकरण को लेकर श्री प्रकाश ने राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्षा विजया किशोर रहाटकर को पत्र लिखकर त्वरित एवं निर्णायक हस्तक्षेप की मांग की है।

उन्होंने आयोग से निम्नलिखित ठोस कार्रवाई सुनिश्चित करने का आग्रह किया है- उच्चस्तरीय, निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच कर दोषियों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाए। कर्तव्य में लापरवाही बरतने वाले पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए जांच केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) को सौंपने की अनुशंसा की जाए। पीड़ित परिवार को तत्काल पर्याप्त आर्थिक सहायता, सुरक्षा एवं मनोवैज्ञानिक सहयोग उपलब्ध कराया जाए।

अंत में श्री प्रकाश ने कहा कि "न्याय में देरी, न्याय से वंचित करना है। इस अमानवीय कृत्य के दोषियों को कठोरतम सजा दिलाना ही पीड़िता के प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी और समाज में कानून के प्रति विश्वास बहाल करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित