हजारीबाग , जून 04 -- झारखंड के हजारीबाग जिले की चौपारण थाना पुलिस ने एक नाबालिग किशोरी की बरामदगी के मामले में सफलता हासिल की है।
बहला-फुसलाकर ले जाने की शिकायत के आधार पर दर्ज मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए किशोरी को उत्तर प्रदेश से सकुशल बरामद कर लिया।
पुलिस सूत्रों से मिलीजानकारी के अनुसार, चौपारण थाना क्षेत्र की निवासी हेमंती देवी ने 17 मई 2026 को अपनी नाबालिग पुत्री के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में आरोप लगाया गया था कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनकी पुत्री को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल जांच शुरू कर दी।
अनुसंधान के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मोबाइल लोकेशन और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों का विश्लेषण किया। इसी क्रम में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम उत्तर प्रदेश के भदोही जिले के दुर्गागंज थाना क्षेत्र पहुंची, जहां से किशोरी को सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
बरामदगी के बाद पुलिस ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है। किशोरी का बयान दर्ज कराने और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उसे परिजनों को सौंपा जाएगा। वहीं, मामले में शामिल संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कार्रवाई जारी है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि नाबालिगों से जुड़े मामलों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकरण के सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है तथा दोषियों के विरुद्ध कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित