रांची , अप्रैल 28 -- झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि हज़ारीबाग जिले के मोरांगी क्षेत्र में घटित ट्रिपल मर्डर की यह घटना अत्यंत दुखद, हृदयविदारक और मानवता को शर्मसार करने वाली है।
डॉ अंसारी ने कहा कि 21 वर्षीय वसीफा नाज़, 19 वर्षीय सानिया परवीन एवं 25 वर्षीय मोहम्मद आदिल का शव तालाब से बरामद होना पूरे समाज के लिए एक बड़ा झटका है। इस जघन्य अपराध ने न केवल तीन परिवारों को उजाड़ दिया, बल्कि पूरे राज्य को स्तब्ध कर दिया है।
उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही मैं तुरंत हज़ारीबाग सदर अस्पताल पहुंचा, जहां पीड़ित परिजनों से मुलाकात कर उन्हें ढांढस बंधाया और हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। पोस्टमार्टम हाउस जाकर तीनों शवों का निरीक्षण किया तथा अधिकारियों के साथ पूरे मामले की गहन समीक्षा की।
डॉ अंसारी ने आज कहा कि जिला प्रशासन और पुलिस अधिकारियों को स्पष्ट और सख्त निर्देश दिया है कि इस मामले में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हर पहलू की बारीकी से जांच की जाए, पीड़ित परिवार के प्रत्येक सदस्य का बयान लिया जाए और वैज्ञानिक एवं तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द से जल्द दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।
डॉ अंसारी ने कहा कि अपराधी की कोई जात, धर्म या पहचान नहीं होती - उसकी एक ही पहचान होती है, वह हत्यारा है। ऐसे अपराधियों के लिए समाज में कोई जगह नहीं है, उनका स्थान केवल जेल की सलाखों के पीछे है।
झारखंड सरकार इस पूरे मामले को अत्यंत गंभीरता से ले रही है। मेडिकल बोर्ड गठित कर निष्पक्ष पोस्टमार्टम कराया गया है, ताकि सच्चाई सामने आए और जांच की दिशा मजबूत हो।
पीड़ित परिवार को न्याय दिलाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सरकार हर कदम पर उनके साथ खड़ी है।
दोषी चाहे कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
डॉ अंसारी ने कहा कि न्याय होगा, हर हाल में होगा - और दोषियों को उनके अंजाम तक पहुंचाकर ही हम चैन लेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित