हजारीबाग , मार्च 03 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत सिकरी ओपी के पारनदी गांव में 28 वर्षीय युवक की गला रेतकर हत्या कर दी गई, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई है। मृतक की पहचान पारनदी निवासी तुलसी महतो (पिता-रामेश्वर महतो) के रूप में हुई है। पुलिस सूत्रों ने आज बताया कि तुलसी महतो पिछले दो दिनों से घर से लापता था। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। आज दोपहर ऊपर मोहड़र-चीटाही स्थित खेत में उसका शव गला रेतकर हत्या की अवस्था में बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना से पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।

घटना की जानकारी मिलते ही सिकरी ओपी पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। आसपास के ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है। हत्या के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हो सका है, हालांकि परिजन पुरानी दुश्मनी या किसी साजिश की आशंका जता रहे हैं।

मृतक का ससुराल कटकमसांडी प्रखंड के बसंतपुर में है। उसकी शादी लगभग दस वर्ष पूर्व हुई थी। परिवार में पत्नी, एक पुत्री और एक पुत्र हैं। तुलसी महतो अपने पिता का इकलौता पुत्र और परिवार का एकमात्र कमाऊ सदस्य था। घटना के बाद परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है।

आक्रोशित परिजनों ने प्रशासन से शीघ्र अपराधियों की गिरफ्तारी, उचित मुआवजा और आश्रित परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की है। मांगें पूरी नहीं होने पर सड़क जाम कर धरना-प्रदर्शन करने की चेतावनी दी गई है।

पुलिस प्रशासन ने मामले की गंभीरता से जांच कर जल्द ही दोषियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया है। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव को देखते हुए पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित