हजारीबाग , फरवरी 08 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के दारू थाना क्षेत्र अंतर्गत झुमरा तिलैया के समीप शनिवार की देर रात एक अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से बाइक सवार एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि पीछे बैठा एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया।

मृतक की पहचान हरली-पेटो निवासी शशि कुमार (पिता स्व. सुरेश प्रसाद कुशवाहा) के रूप में हुई है। वहीं, घायल रामाशीष कुमार हरली पंचायत की पंचायत समिति सदस्य के पति सह प्रतिनिधि हैं। पुलिस सुत्रों के अनुसार, शशि कुमार और रामाशीष कुमार शनिवार रात बाइक से झुमरा की ओर से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान हजारीबाग से बगोदर की ओर जा रहे एक तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उन्हें चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे शशि कुमार सड़क पर दूर जा गिरे, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं और उनकी सांसें थम गईं। वहीं, पीछे बैठे रामाशीष कुमार के घुटने में गंभीर चोट आई है। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों की मदद से घायल को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

जैसे ही शशि कुमार की मौत की खबर लोगों तक पहुंची, परिजनों में कोहराम मच गया। घर वालों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि शशि बेहद मिलनसार स्वभाव के व्यक्ति थे, उनकी असामयिक मृत्यु से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित