हजारीबाग , मई 17 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के कोर्रा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध ब्राउन शुगर के कारोबार का खुलासा किया है।

पुलिस ने जिब्रालटर हाउस दीपुगढ़ा के पास छापेमारी कर 20.5 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ तीन अपराधियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक, हजारीबाग को गुप्त सूचना मिली थी कि कोर्रा थाना क्षेत्र के जिब्रालटर हाउस दीपुगढ़ा में दो व्यक्ति अवैध ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन एवं आवश्यक कार्रवाई के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सदर, हजारीबाग अमित आनंद (भा.पु.से.) के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 21 वर्षीय रौशन कुमार, पिता केदार दांगी, निवासी लोवागड्डा, थाना व जिला चतरा; 27 वर्षीय संदीप कुमार दांगी, निवासी लोवागड्डा, थाना व जिला चतरा; तथा 22 वर्षीय सौरभ कुमार दांगी, पिता योगेंद्र प्रसाद, मूल निवासी ग्राम चापी, थाना शेरघाटी, जिला गया (बिहार) एवं वर्तमान में लोवागड्डा, चतरा स्थित अपने मामा कमल दांगी के घर में रह रहा था, के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से कुल 20.5 ग्राम अवैध ब्राउन शुगर, तीन स्मार्टफोन, एक अपाची मोटरसाइकिल तथा एक क्रेटा कार बरामद की है।

इस संबंध में कोर्रा थाना कांड संख्या 81/2026, दिनांक 17.05.2026 के तहत धारा 317(2)/315 बीएनएस एवं 4/21बी/22बी/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी सौरभ कुमार दांगी का पूर्व में भी एनडीपीएस एक्ट के तहत आपराधिक इतिहास रहा है। उसके खिलाफ गिद्धौर थाना कांड संख्या 70/23 तथा कटकमसांडी (पेलावल) थाना कांड संख्या 215/25 दर्ज हैं।

इस कार्रवाई में एसडीपीओ सदर अमित आनंद के अलावा पुलिस निरीक्षक शाहिद रजा, कोर्रा थाना प्रभारी नेमधारी रजक, लोहसिंगना थाना प्रभारी निशांत केरकेट्टा, पेलावल ओपी प्रभारी वेद प्रकाश पाण्डेय, कोर्रा थाना के बिट्टू रजक, तकनीकी शाखा हजारीबाग की टीम एवं सशस्त्र बल शामिल थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित