हजारीबाग, 01जून (वार्ता) झारखंड के हजारीबाग जिले के कटकमदाग थाना क्षेत्र से लापता एक युवती का शव कोर्रा थाना क्षेत्र स्थित सिंदूर पंचायत भवन के समीप नाले से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सूत्रों के अनुसार युवती के लापता होने के संबंध में कटकमदाग थाना कांड संख्या 90/26 दिनांक 30 मई 2026 को दर्ज किया गया था। इसके बाद 31 मई 2026 को युवती का शव कोर्रा थाना क्षेत्र के सिंदूर पंचायत भवन स्थित नाले से बरामद किया गया।

मामले के उद्भेदन और घटना में शामिल अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष एसआईटी टीम का गठन किया गया है। टीम का नेतृत्व अपर पुलिस अधीक्षक (अभियान) अमित कुमार और पुलिस उपाधीक्षक (मुख्यालय) ज्ञान रंजन कर रहे हैं। टीम में पुलिस निरीक्षक सपन कुमार महथा, कटकमदाग थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, पुलिस अवर निरीक्षक चितरंजन कुमार सहित टेक्निकल सेल के अधिकारी एवं कर्मी शामिल हैं।

पुलिस ने बताया कि गठित एसआईटी द्वारा घटना के सभी पहलुओं की गहनता से जांच की जा रही है। तकनीकी और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल की जा रही है ताकि घटना में शामिल लोगों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।

पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि मामले के हर पहलू की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। फिलहाल पुलिस जांच जारीहै।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित