रांची , अप्रैल 30 -- झारखंड सरकार के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से हजारीबाग में हुए ट्रिपल मर्डर मामले में आज पीड़ित परिवार मुलाकात कर न्याय की गुहार लगाई।
परिवार ने बताया कि उनके तीन बच्चों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस निर्ममता ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। पीड़ित परिवार ने बताया कि वे पहले डीजीपी एवं अन्य अधिकारियों से मिलने पहुंचे थे, लेकिन मुलाकात नहीं हो सकी। इसके बाद अंतिम उम्मीद लेकर वे स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी के पास पहुंचे।
परिवार की सदस्य प्रिया ने भावुक होकर कहा-आप गरीबों के मददगार हैं, हमें इंसाफ दिलाइए। हमारे बच्चों के हत्यारों को हर हाल में फांसी की सजा मिलनी चाहिए। परिजनों ने कहा कि उनका परिवार बेहद गरीब है और अब पूरी तरह टूट चुका है। जिस घर में शादी की खुशियां आने वाली थीं, वहां आज मातम पसरा हुआ है। पूरा गांव शोक में डूबा है और हर तरफ सन्नाटा छाया हुआ है।
परिवार ने मीडिया जगत से हाथ जोड़कर अपील की कि यदि अनजाने में किसी की भावना आहत हुई हो तो उन्हें क्षमा किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कठिन समय में उन्हें विवाद नहीं, बल्कि न्याय की जरूरत है। मीडिया और समाज के सभी वर्गों से उन्होंने सहयोग की अपील की।
परिजनों ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनका किसी से विवाद करने का कोई इरादा नहीं था। वे किसी के "गुंडे" नहीं, बल्कि न्याय की उम्मीद लेकर आए साधारण और पीड़ित लोग हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार से बेवजह मामले को भटकाकर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी को घसीटने और बदनाम करने की कोशिश की जा रही है, वह दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है।
परिवार ने कहा कि डॉ. इरफान अंसारी इस दुख की घड़ी में उनके आंसू पोंछने, सांत्वना देने और न्याय का भरोसा दिलाने पहुंचे थे। ऐसे समय में उनकी छवि खराब करना सरासर गलत है।
परिजनों ने यह भी कहा कि घटना के दिन कुछ संदिग्ध परिस्थितियों को लेकर कहासुनी हुई थी, लेकिन अब सबसे जरूरी है कि सच्चाई सामने आए और असली हत्यारों का जल्द खुलासा हो। उन्होंने मांग की कि दोषी कोई भी हो, उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित