हजारीबाग , अप्रैल 24 -- झारखंड के हजारीबाग जिले के बरही में शुक्रवार को दिनदहाड़े बड़ी बैंक डकैती की घटना सामने आई है।
अपराधियों ने बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शाखा को निशाना बनाते हुए करीब 7 करोड़ रुपये मूल्य का सोना और लगभग 5 लाख रुपये नकद लूट लिए। घटना से इलाके में दहशत का माहौल है।
पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, चार की संख्या में आए अपराधी पूरी तैयारी के साथ बैंक में घुसे थे। सभी ने अपने चेहरे ढके हुए थे-एक ने हेलमेट, एक ने मास्क और अन्य ने गमछा पहन रखा था। अपराधियों के हाथों में देसी हथियार थे, जिनके बल पर उन्होंने बैंककर्मियों के साथ मारपीट कर उन्हें कब्जे में ले लिया।
इसके बाद अपराधियों ने कर्मचारियों से लॉकर खुलवाया और उसमें रखे सोने के आभूषण व अन्य कीमती सामान निकाल लिया। साथ ही कैश काउंटर से करीब 5 लाख रुपये भी लूट लिए। वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी बैंक को बाहर से बंद कर फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस का कहना है कि जिस तरह से अपराधियों ने पूरी योजना के तहत घटना को अंजाम दिया है, उससे यह आशंका जताई जा रही है कि उन्हें बैंक से जुड़ी अंदरूनी जानकारी भी हो सकती है।
बताया जा रहा है कि बैंक की यह शाखा करीब 7-8 महीने पहले ही शुरू हुई थी। घटना के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी अमन कुमार सहित एएसपी व अन्य वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के क्षेत्रों में नाकेबंदी कर दी है तथा पड़ोसी जिलों को अलर्ट कर अपराधियों की धरपकड़ के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है और अपराधियों की तलाश में छापेमारी जारी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित