हजारीबाग, फरवरी 16 -- झारखंड में हजारीबाग जिले के चौपारण थाना क्षेत्र अंतर्गत चोरदाह पंचायत के जमुनियातरी जंगल में अवैध अफीम की खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।

प्राप्त सूचना के आधार पर वन विभाग और चौपारण पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए विभिन्न इलाकों में करीब 5 एकड़ में लगी अफीम की फसल को चिन्हित कर मौके पर ही विनष्ट कर दिया।

अभियान के दौरान पुलिस और वन विभाग की टीम ने घटनास्थल से 11 डिलीवरी पाइप भी बरामद किए, जिन्हें वहीं नष्ट कर दिया गया। अधिकारियों के अनुसार अवैध रूप से अफीम की खेती करने वाले लोगों की पहचान और उनके नाम-पते का सत्यापन किया जा रहा है। दोषियों की पहचान होते ही उनके खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।

इस संयुक्त अभियान में एसडीपीओ बरही अजित कुमार बिमल, पुलिस निरीक्षक चंद्रशेखर कुमार, चौपारण थाना प्रभारी सरोज सिंह चौधरी, एसआई सुबिंदर राम, एसआई सरवन कुमार, एसआई दिव्य प्रकाश, एएसआई बादल महतो सहित सशस्त्र बल तथा वन विभाग के बनपाल सरवन कुमार और जैनेन्द्र कुमार शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि दुर्गम इलाकों की पहचान ड्रोन के माध्यम से की जा रही है और अवैध मादक पदार्थों की खेती व तस्करी के विरुद्ध आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित