श्रीनगर , अगस्त 12 -- उत्तरी कश्मीर के पुलिस उप महानिरीक्षक विनोद कुमार ने कुपवाड़ा जिले के प्रमुख शहर हंदवाड़ा में आगामी स्वतंत्रता दिवस समारोह से पहले सुरक्षा इंतजामों का जायज़ा लिया।

इस दौरान उन्होंने सुरक्षा बलों को ज़्यादा सतर्क रहने और पुख्ता सुरक्षा सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

उप महानिरीक्षक ने हंदवाड़ा पुलिस जिले का दौरा किया। श्री कुमार ने अपने दौरे के दौरान हंदवाड़ा पुलिस, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल ( सीएपीएफ )और सहयोगी एजेंसियों के अधिकारियों के साथ सुरक्षा समीक्षा बैठक की।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि बैठक के दौरान समारोह को शांतिपूर्ण और सुचारू रूप से संपन्न कराने को लेकर चर्चा की गयी। इसमें सुरक्षा इंतज़ामों, तैनाती की योजनाओं, इलाके पर नियंत्रण, आवाजाही पर नियंत्रण, यातायात प्रबंधन और अलग-अलग सुरक्षा एजेंसियों के बीच तालमेल पर विस्तृत चर्चा की गयी।

हंदवाड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक साहिल सारंगल ने 15 अगस्त से पहले अब तक की गयी सुरक्षा और एहतियाती उपायों के साथ-साथ आने वाले दिनों के लिये योजनाबद्ध उपायों पर विस्तृत प्रस्तुति दी।

उन्होंने उप महानिरीक्षक को पूरे पुलिस जिले में सघन जांच और तलाशी, गश्त, इलाके पर नियंत्रण और ऑपरेशनल तैयारियों के बारे में भी जानकारी दी। साथ ही सुरक्षा की समग्र स्थिति की भी विस्तृत समीक्षा की गयी।

उप महानिरीक्षक ने सभी अधिकारियों को सतर्क रहने, संवेदनशील जगहों पर सुरक्षा उपाय मज़बूत करने, गश्त और जांच बढ़ाने और सभी एजेंसियों के बीच प्रभावी तालमेल और समय पर खुफिया जानकारी साझा करने का निर्देश दिया।

पुलिस ने बताया कि आम जनता को कम से कम असुविधा हो, यह सुनिश्चित करते हुए उच्च स्तर की सतर्कता और तैयारी बनाए रखने पर ज़ोर दिया गया। पुलिस और सभी संबंधित एजेंसियों ने हंदवाड़ा पुलिस जिले में सुरक्षित, शांतिपूर्ण और बिना किसी घटना के स्वतंत्रता दिवस समारोह सुनिश्चित करने के अपने संकल्प को दोहराया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित