टेनरीफ (स्पेन) , मई 10 -- विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) के महानिदेशक डॉ. टेड्रोस अधानोम घेब्रेयेसस ने हंता वायरस से प्रभावित क्रूज जहाज 'एमवी होंडियस' के स्पेन के टेनरीफ आगमन को लेकर यहां के निवासियों की चिंताओं को दूर करते हुए आश्वासन दिया है कि यह स्थिति कोविड-19 जैसी महामारी का खतरा पैदा नहीं करती है।
डॉ. घ्रेब्रेयेसस ने जोर देकर कहा कि हंता वायरस का प्रसार कोविड-19 जैसे श्वसन संबंधी वायरस की तरह नहीं होता है, इसलिए यह वैसा वैश्विक स्वास्थ्य खतरा नहीं है। उल्लेखनीय है कि इस जहाज पर 23 देशों के लगभग 150 यात्री सवार हैं।
महानिदेशक ने बताया कि इनमें से कई यात्री शोक में हैं और डरे हुए हैं। उन्होंने संबंधित सदस्य देशों को यात्रियों के प्रबंधन के बारे में जानकारी दी है और सलाह दी है कि अंतिम जोखिम के बिंदु से 42 दिनों की अवधि तक यात्रियों की सक्रिय निगरानी की जाए।
टेनरीफ के लोगों को सीधे संबोधित करते हुए श्री घेब्रेयेसस ने कहा, "मैं जानता हूं कि आप चिंतित हैं... 2020 का दर्द अभी भी ताजा है, लेकिन यह कोई दूसरा कोविड-19 नहीं है। हंता वायरस से वर्तमान सार्वजनिक स्वास्थ्य जोखिम कम बना हुआ है।" उन्होंने स्पष्ट किया कि डब्ल्यूएचओ के आकलन के अनुसार स्थिति नियंत्रण में है और एमवी होंडियस पर मौजूद वायरस हंता वायरस का 'एंडीज स्ट्रेन' है। हालांकि यह गंभीर है और इसमें तीन लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन आम जनता के लिए इसका जोखिम कम है।
महानिदेशक ने जानकारी दी कि वर्तमान में जहाज पर किसी भी यात्री में बीमारी के लक्षण नहीं हैं और एक डब्ल्यूएचओ विशेषज्ञ वहां मौजूद है। स्पेनिश अधिकारियों ने कड़े नियंत्रण उपाय लागू किए हैं, जिसके तहत यात्रियों को पूरी तरह से घेराबंदी वाले कॉरिडोर के माध्यम से स्थानांतरित किया जाएगा ताकि जनता के साथ उनका कोई संपर्क न हो सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित