नयी दिल्ली , जुलाई 29 -- लोक सभा में बुधवार को विपक्ष के नेता राहुल गांधी की टिप्पणी को लेकर शुरू हुए हंगामे के जारी रहने के कारण कार्यवाही गुरुवार पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी।

श्री गांधी की लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026 पर चर्चा के दौरान की गयी टिप्पणियों पर सत्ता पक्ष के सदस्यों ने हंगामा किया।

इसके बाद श्री गांधी जब पुन: बोलने के खड़े हुए तो सत्ता पक्ष के सदस्य उनसे माफी मांगने की मांग करने लगे तो कांग्रेस सदस्यों ने भी शोरगुल किया। इस पर कार्यवाही पहले आधे घंटे के लिए स्थगित की गयी। इसके बाद अपराह्न 1430 बजे कार्यवाही पुन:शुरू होने पर फिर हंगामा हुआ तो कार्रवाई अपराह्न 1500 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी।

अपराह्न 1500 बजे कार्यवाही शुरू होने पर प्रधानमंत्री कार्यालय में राज्य मंत्री जितेन्द्र सिंह ने विधेयक पर हुई चर्चा का जवाब देना शुरू कर दिया। इस दौरान विपक्षी सदस्य हंगामा और शोरगुल करते रहे। विपक्षी सदस्यों के भारी हंगामे के बीच ही विधेयक ध्वनिमत से पारित कर दिया गया। इसके बाद अध्यक्ष ओम बिरला ने कार्यवाही गुरुवार पूर्वाह्न 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित