मऊ , अगस्त 08 -- उत्तर प्रदेश के मऊ जिले के घोसी विधानसभा क्षेत्र के सराय सादी गांव में पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं मऊ के विकास पुरुष स्व. कल्पनाथ राय द्वारा स्थापित सोलर ऊर्जा पार्क का आधुनिकीकरण और क्षमता विस्तार किया जाएगा। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ऊर्जा एवं नगर विकास एके शर्मा ने शनिवार को पार्क की क्षमता 50 गुना बढ़ाकर पांच मेगावाट करने की परियोजना का शिलान्यास किया। इस अवसर पर उन्होंने स्व. कल्पनाथ राय की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
श्री शर्मा ने स्व. कल्पनाथ राय की पुण्यतिथि पर आयोजित समारोह में सराय सादी स्थित 100 किलोवाट क्षमता वाले सोलर ऊर्जा पार्क के नवीनीकरण, आधुनिकीकरण और क्षमता वृद्धि कार्य का शिलान्यास किया। उन्होंने कहा कि करीब 34 वर्ष पहले 1992 में मऊ जिले के इस छोटे से गांव में 100 किलोवाट क्षमता के सोलर प्लांट की स्थापना की गई थी। उस समय यह अपने आप में एक बड़ा नवाचार था। हालांकि, उचित रखरखाव के अभाव में यह सोलर प्लांट कुछ समय बाद बंद हो गया और धीरे-धीरे जर्जर स्थिति में पहुंच गया।
ऊर्जा मंत्री ने कहा कि अब मऊ के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले स्व. कल्पनाथ राय द्वारा स्थापित इस सोलर ऊर्जा पार्क का नवीनीकरण और आधुनिकीकरण करते हुए इसकी क्षमता 50 गुना बढ़ाई जा रही है। इसके तहत 100 किलोवाट के पुराने प्लांट को पांच मेगावाट क्षमता वाले सोलर ऊर्जा पार्क के रूप में विकसित किया जाएगा।
इस अवसर पर श्री शर्मा ने स्व. कल्पनाथ राय की आदमकद प्रतिमा का अनावरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। जनसभा को संबोधित करते हुए श्री शर्मा ने कहा कि स्व. कल्पनाथ राय ने मऊ जिले में अनेक विकास कार्य और नवाचार किए। आज मऊ का कण-कण उनके योगदान का ऋणी है। उन्होंने कहा कि विकास पुरुष द्वारा कराए गए कार्यों और उनके सपनों से जुड़ी परियोजनाओं का नवीनीकरण एवं आधुनिकीकरण करना सौभाग्य की बात है।
कार्यक्रम में स्व. कल्पनाथ राय के परिजन, भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित