पटना , जून 25 -- ग्रामीण विकास तथा सूचना एवं जन संपर्क विभाग के मंत्री सह जनता दल यूनाइटेड (जदयू) विधायक दल के नेता श्रवण कुमार ने जदयू के पश्चिम चम्पारण जिला अध्यक्ष कन्हैया कुशवाहा के निधन पर दुख और गहरी शोक-संवेदना व्यक्त की है। मंत्री श्री कुमार ने कहा कि कन्हैया कुशवाहा का निधन न केवल उनके परिवार और समर्थकों के लिए बल्कि, पूरे क्षेत्र तथा जदयू परिवार के लिए अपूर्णनीय क्षति है।

मंत्री ने कहा कि जदयू संगठन को मजबूत बनाने में स्वर्गीय कन्हैया कुशवाहा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है, पार्टी की नीतियों और सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाने में उन्होंने सक्रिय भूमिका निभायी। संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, कार्यकर्ताओं के प्रति आत्मीय व्यवहार तथा समाज के प्रति प्रतिबद्धता को कभी भुलाया नहीं जा सकता है।

मंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना करते हुए शोकाकुल परिवारजनों, शुभचिंतकों एवं समर्थकों को इस कठिन समय में धैर्य एवं संबल प्रदान करने की कामना की। उन्होंने कहा कि स्वर्गीय कन्हैया कुशवाहा जी का आदर्श जन सेवा के प्रति समपर्ण और सामाजिक योगदान आने वाली पीढ़ियों को प्रेरित करते रहेंगे, उनकी स्मृतियां सदैव लोगों के हृदय में जीवित रहेंगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित