धार , जून 25 -- मध्यप्रदेश में धार जिले के पीथमपुर में स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को उत्पादों की गुणवत्ता बढ़ाने और बाजार में प्रतिस्पर्धा मजबूत करने के उद्देश्य से एक दिवसीय विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

आधिकारिक जानकारी के अनुसार नगर पालिका परिषद पीथमपुर की अध्यक्ष सेवंती सुरेश पटेल और मुख्य नगर पालिका अधिकारी आरती गरवाल के मार्गदर्शन में भारतीय मानक ब्यूरो की भोपाल शाखा द्वारा यह संवेदीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्र के विभिन्न स्व-सहायता समूहों की 90 महिला सदस्यों ने भाग लिया।

प्रशिक्षण के दौरान भारतीय मानक ब्यूरो की मुख्य प्रशिक्षक तृप्ति केलवा ने कहा कि वर्तमान प्रतिस्पर्धी बाजार में उत्पादों की गुणवत्ता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने महिलाओं को सरकारी मानकों के अनुरूप उत्पाद तैयार करने की जानकारी देते हुए बताया कि गुणवत्ता सुधार से उपभोक्ताओं का विश्वास बढ़ता है और स्थानीय उत्पादों की बाजार में स्वीकार्यता मजबूत होती है।

कार्यक्रम में प्रतिभागियों को उत्पाद गुणवत्ता, मानकीकरण और विपणन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी भी प्रदान की गई। प्रशिक्षण का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके उत्पादों को व्यापक बाजार उपलब्ध कराने में सहयोग करना रहा।

इस अवसर पर जिला शहरी विकास अभिकरण के डॉ. कृष्णकांत खोड़े, कार्यालय अधीक्षक विहाय अहीर, सिटी मिशन मैनेजर लोकेश गुप्ता, प्रीतम भारसकले, रविंद्रनाथ सिंह, सरदार सोलंकी, हेमलता चंद्रावत, नसीम बी सहित बड़ी संख्या में स्व-सहायता समूहों की सदस्य उपस्थित थीं।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित