हाजीपुर , अप्रैल 30 -- जनगणना 2027 के प्रथम चरण के अंतर्गत संचालित "स्व-गणना" अभियान में वैशाली जिला निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रहा है।

वैशाली की जिला पदाधिकारी श्रीमती वर्षा सिंह के नेतृत्व एवं सतत मॉनिटरिंग के कारण अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब तक जिले में लगभग 5,52,759 प्रविष्टियाँ पोर्टल पर अपलोड की जा चुकी हैं। वहीं आज लगभग 32 हजार से अधिक लोगों द्वारा स्व-गणना कर अपनी जानकारी पोर्टल पर दर्ज की गई। स्व-गणना में अब एक दिन ही शेष बचे है।शेष प्रविष्टियों को शीघ्र पूर्ण करने के लिये सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, जिससे अधिक से अधिक परिवारों को इस प्रक्रिया से जोड़ा जा सके।

जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील करते हुए कहा कि स्व-गणना की समय-सीमा एक मई तक निर्धारित है, अतः जो परिवार अब तक छूटे हुए हैं, वे शीघ्र अपनी प्रविष्टि पोर्टल पर दर्ज करें। उन्होंने बताया कि इसके बाद 02 मई से 31 मई तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर डेटा संकलन एवं त्रुटि संशोधन का कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से अनुरोध किया कि वे स्व-गणना पोर्टल के माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर इस महत्वपूर्ण राष्ट्रीय अभियान में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित