चंडीगढ़ , अक्टूबर 05 -- पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. बलबीर सिंह ने सोमवार को कहा कि स्वैच्छिक रक्तदान में पंजाब ने देश में तीसरा स्थान हासिल किया है और राज्य में रक्त की उपलब्धता तथा रक्त संक्रमण सेवाओं को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय स्वैच्छिक रक्तदान दिवस के अवसर पर यहां आयोजित राज्य स्तरीय समारोह में रक्तदाताओं, रक्तदान संस्थाओं और रक्त केंद्रों को सम्मानित करते हुए मंत्री ने कॉलेज विद्यार्थियों से वर्ष में कम से कम एक बार रक्तदान करने का संकल्प लेनेकी अपील की। उन्होंने नियमित रक्तदाताओं से अन्य लोगों, विशेषकर युवाओं को रक्तदान के लिए प्रेरित करने को कहा। उन्होंने बताया कि वर्ष 2025-26 में राज्य में 6,583 रक्तदान शिविरों के माध्यम से 5,44,167 यूनिट रक्त एकत्र किया गया। सरकारी रक्त केंद्रों में एकत्र 1,78,382 यूनिट में से 1,77,583 यूनिट यानी करीब 99.6 प्रतिशत स्वैच्छिक रक्तदाताओं से प्राप्त हुआ।
श्री सिंह ने विभाग को पंजाब में हेपेटाइटिस-सी की सकारात्मकता दर राष्ट्रीय औसत से नीचे लाने के लिए जांच, निगरानी और समय पर उपचार में तेजी लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि रक्त की सुरक्षा के लिए न्यूक्लिक एसिड टेस्टिंग (एनएटी) और केमिल्यूमिनेसेंस इम्यूनोऐसे (सीएलआईए) जैसी तकनीकों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
समारोह में कोटकपूरा के पीबीजी वेलफेयर क्लब को सरकारी केंद्रों को 8,933 यूनिट रक्त उपलब्ध कराने के लिए सम्मानित किया गया। बठिंडा के सुरिंदर पाल और जालंधर की हरविंदर कौर को क्रमशः 149 और 69 बार रक्तदान करने के लिए सम्मानित किया गया। पटियाला और संगरूर को बेहतर प्रदर्शन करने वाले जिले घोषित किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित