गोथेनबर्ग (स्वीडन) , मई 17 -- प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पांच देशों की यात्रा के तीसरे चरण में रविवार देर शाम यहां पहुंचे जहां स्वीडन के प्रधानमंत्री उल्फ क्रिस्टरसन ने खुद हवाई अड्डे आकर उनका स्वागत किया। भारतीय समुदाय के लोगों ने भी श्री मोदी का गर्मजोशी से स्वागत किया।
श्री मोदी ने नीदरलैंड से स्वीडन की दो दिन की यात्रा पर आने के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि वह व्यापार, निवेश और रक्षा जैसे क्षेत्रों में साझेदारी करने के लिए बातचीत को उत्सुक हैं।
उन्होंने कहा," स्वीडन के गोथेनबर्ग पहुँचा। भारत और स्वीडन के बीच व्यापार, निवेश, नवाचार, रक्षा और अन्य क्षेत्रों में साझेदारी को और मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री क्रिस्टरसन से मिलने की प्रतीक्षा कर रहा हूं।" श्री मोदी प्रधानमंत्री क्रिस्टरसन के साथ यूरोपीय व्यापार गोलमेज सम्मेलन को भी संबोधित करेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित