ग्रेटर नोएडा , अक्टूबर 06 -- स्विस परिसंघ के राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन को मंगलवार को करीब 65 सदस्यीय उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ ग्रेटर नोएडा के जेवर स्थित नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा पहुंचने पर स्वागत किया गया।

हवाईअड्डे पर उत्तर प्रदेश सरकार की ओर से आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स कैबिनेट मंत्री सुनील शर्मा, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास आयुक्त तथा नागरिक उड्डयन विभाग के अपर मुख्य सचिव दीपक कुमार और इन्वेस्ट यूपी के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विजय किरण आनंद ने राष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल का स्वागत किया। इस दौरान उन्हें पारंपरिक अंगवस्त्र भी भेंट किया गया।

हवाईअड्डा प्राधिकरण ने बताया कि यहां पहुंचने के बाद अवनी बोर्ड रूम में स्विस राष्ट्रपति और प्रतिनिधिमंडल के समक्ष नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से संबंधित विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। अधिकारियों ने एयरपोर्ट के निर्माण, यात्री सुविधाओं, संचालन व्यवस्था और क्षेत्रीय कनेक्टिविटी से जुड़ी प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी। प्रस्तुतीकरण के बाद राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन ने प्रतिनिधिमंडल को संबोधित भी किया।

इसके बाद राष्ट्रपति गाइ पारमेलिन, उनकी पत्नी और प्रतिनिधिमंडल में शामिल चयनित अधिकारियों ने एयरसाइड क्षेत्र तथा एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) टॉवर का निरीक्षण किया। वहीं प्रतिनिधिमंडल के अन्य सदस्यों ने टर्मिनल भवन, सुरक्षा क्षेत्र, बोर्डिंग गेट्स, एप्रन और बैगेज रिक्लेम समेत एयरपोर्ट की विभिन्न आधुनिक सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने एयरपोर्ट की तकनीकी एवं परिचालन व्यवस्थाओं के बारे में भी प्रतिनिधिमंडल को जानकारी दी।

एयरपोर्ट परिसर में भारतीय संगीत की धुनों के बीच स्विस राष्ट्रपति और उनके प्रतिनिधिमंडल का समूह छायाचित्र भी लिया गया। निर्धारित कार्यक्रम पूरा होने के बाद प्रतिनिधिमंडल दोपहर करीब दो बजे एयरपोर्ट परिसर से रवाना हुआ।

नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट का विकास यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है, जो स्विस कंपनी ज्यूरिख एयरपोर्ट इंटरनेशनल एजी की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है। ऐसे में स्विस राष्ट्रपति का एयरपोर्ट दौरा भारत और स्विट्जरलैंड के बीच आर्थिक, तकनीकी और अवसंरचनात्मक सहयोग की दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

करीब 65 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल में राष्ट्रपति की पत्नी के अलावा स्विस राजदूत, राष्ट्रीय परिषद के सदस्य, राज्य सचिव और उद्योग जगत से जुड़े प्रतिनिधि शामिल रहे। अधिकारियों के अनुसार, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के संचालन से राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हवाई कनेक्टिविटी को व्यापक विस्तार मिलने की उम्मीद है। इससे क्षेत्र में औद्योगिक निवेश, व्यापार, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है।

इस अवसर पर यमुना विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी राकेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त लक्ष्मी सिंह, जिलाधिकारी मेधा रूपम, अपर मुख्य कार्यपालक अधिकारी वंदना त्रिपाठी, एनआईए के सीईओ क्रिस्टोफ सैल्मन, चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर किरण जैन समेत प्रशासन, प्राधिकरण और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित