चंडीगढ़ , मई 10 -- राज्यसभा सांसद सुभाष बराला ने कहा कि टोहाना के बलियाला हेड पर बनाए गए अत्याधुनिक स्विमिंग पूल से भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर के तैराक तैयार होंगे। उन्होंने कहा कि यहां विकसित की गई सुविधाएं क्षेत्र में पर्यटन, खेल और सामाजिक आयोजनों को नई पहचान देंगी।
करीब 8 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 'केनाल रिसॉर्ट' और स्विमिंग पूल का उद्घाटन करते हुए बराला ने कहा कि रिसॉर्ट परिसर में आधुनिक स्विमिंग पूल, कैफेटेरिया, गार्डन रेस्टोरेंट और लग्जरी रूम जैसी सुविधाएं विकसित की गई हैं। यह परियोजना टोहाना को पर्यटन और खेल गतिविधियों के केंद्र के रूप में स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
उन्होंने कहा कि उनका उद्देश्य टोहाना में ऐसा पिकनिक स्पॉट विकसित करना था, जहां परिवारों, युवाओं और बच्चों को आधुनिक सुविधाओं के साथ बेहतर वातावरण मिल सके। उन्होंने कहा कि अब स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के लिए बड़े शहरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित