देहरादून , मार्च 19 -- उत्तराखंड के राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) गुरमीत सिंह ने गुरुवार को द्वितीय हिमालयन हेल्थकेयर इनोवेशन समिट-2026 में स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नवाचार एवं तकनीक के समावेश को समय की आवश्यकता बताई।
राज्यपाल ने कहा कि राज्य की प्राथमिक एवं निवारक स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर बल देते हुए कहा कि इन्हें सशक्त किए बिना समग्र स्वास्थ्य व्यवस्था को प्रभावी नहीं बनाया जा सकता।
सेतु आयोग, स्वास्थ्य विभाग और वेलॉक्स द्वारा राजपुर रोड़ स्थित एक होटल में आयोजित इस समिट में देश भर के हिमालयी राज्यों के प्रतिनिधियों को संबोधित करते हुए लेफ्टिनेंट जनरल सिंह ने कहा कि यह वह समय है जब प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों को कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) , आधुनिक डायग्नोस्टिक उपकरणों एवं टेलीमेडिसिन जैसी तकनीकों से जोड़ा जाए, ताकि स्वास्थ्य सेवाएं और अधिक सुदृढ़ हो सके। उन्होंने कहा कि कोविड-19 महामारी ने यह स्पष्ट कर दिया है कि स्वास्थ्य क्षेत्र में तकनीक का प्रभावी उपयोग कितना महत्वपूर्ण है। ऐसे में एआई, टेलीमेडिसिन और मोबाइल संचार साधनों के माध्यम से स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, त्वरित और प्रभावी बनाया जा सकता है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित